टोना -टोटका की बात कहकर आभूषण संदूक में रखवाए, 62 दिन बाद खोलने के लिए कहा
तंत्र-मंत्र में 65 तोले सोना ठगने का आरोप
सेलाकुई क्षेत्र की घटना
विकासनगर। सेलाकुई थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का डर दिखाकर एक महिला से करीब 65 तोला सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस आरोपी की जांच कर रही है। शिकायत देने के बाद से आरोपी महंत का फोन नंबर बंद आ रहा है।
सेलाकुई निवासी ओशीन गुड़ंग ने राजावाला निवासी वैष्णो माता मंदिर के महंत राहुल थापा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि दो मार्च को महंत राहुल थापा ने उन्हें फोन किया। दावा किया कि उनके घर में किसी ने टोना-टोटका किया है। घर के गोठ के अंदर एक काली पोटली मिली जिसमें उड़द दाल और नींबू जैसे सामान थे। महंत ने इसे खतरनाक बताकर घर में पूजा करने को कहा। इसके बाद उसी दिन शाम को महंत उनके घर आए। उन्होंने पूजा के बहाने घर के सभी सोने के आभूषण एक काले कपड़े में रखने को कहा। उन्होंने और उनकी माता ने 65 तोला आभूषण उस कपड़े में बांधे और उन्हें संदूक में रखा। महंत ने आभूषणों से भरे संदूक को मंदिर में रखने और 62 दिनों तक न खोलने की नसीहत दी।
साथ ही कहा कि संदूक खोलने से पूजा खंडित हो जाएगी। बाद में महंत संदूक खोलने की तारीखें लगातार टालते रहे। कई बार तारीख बदलने के बाद, 28 मई को महंत ने उन्हें व्हाट्सएप पर संदेश भेजा। उन्होंने संदूक को गंगाजल से साफ कर दिया जलाकर खोलने को कहा। संदूक खोलने पर उसमें सोने के आभूषण गायब मिले। आभूषणों की जगह आधा किलो चावल और तीन सूखे नारियल मिले।
उसके बाद से महंत का मोबाइल नंबर बंद आने लगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पास संदूक खोलने की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग और गवाह मौजूद हैं। थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि महंत राहुल थापा के खिलाफ शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि आरोपो की जांच की जा रही है। महंत से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका नंबर बंद आ रहा है।
महंत राहुल थापा, वैष्णो देवी मंदिर, तेलपुरा का बयान:
“मुझ पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। मुझे झूठा फंसाने की साजिश की जा रही है। करीब 20 वर्ष से मैं क्षेत्र में हूं। कई जगह पूजन अनुष्ठान कराता हूं। आरोप लगाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


