जोगथ मल्ला (उत्तरकाशी): प्रसिद्ध श्री नृसिंह सिद्ध पीठ ब्रह्मनाथ मंदिर जोगथ मल्ला में 9 जून से 17 जून 2026 तक त्रयवार्षिक श्री ब्रह्मनाथ देव महोत्सव के शुभ अवसर पर 9 दिवसीय भव्य श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक महायज्ञ में देश के प्रसिद्ध राष्ट्रीय संत कथा वाचक पूज्य श्री गोपालमणि महाराज जी कथा का प्रवचन करेंगे।
श्री ब्रह्मनाथ देव सेवा समिति के अध्यक्ष श्री विनोद जगूड़ी जी एवं आचार्य नितेश जगूड़ी जी ने मीडिया वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर तीन वर्ष में आयोजित होने वाले इस त्रयवार्षिक महोत्सव के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था है। उत्तरकाशी और टिहरी जनपद की सीमा पर स्थित इस मंदिर के कारण दोनों जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
श्री जगूड़ी जी ने कहा, “इस ऐतिहासिक महायज्ञ की तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही हैं। ग्राम पंचायत जोगथ मल्ला के प्रधान सहित समस्त जन प्रतिनिधियों, श्री ब्रह्मनाथ देव सेवा समिति एवं श्री ब्रह्मनाथ मंदिर समिति के सदस्य पूरे समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।”
9 दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में श्रद्धालुओं को पूज्य गोपालमणि महाराज जी के मुखारविंद से पावन श्री राम कथा का रसपान करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं को इस पावन अवसर पर मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लेने का आमंत्रण दिया है।
मंदिर का महत्व
श्री नृसिंह सिद्ध पीठ ब्रह्मनाथ मंदिर क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं का केंद्र है। त्रयवार्षिक महोत्सव यहां की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत करता है।
आयोजन को भव्य एवं सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन, आवास, भोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की भी तैयारी चल रही है।



जय श्री राम