- आंदोलन: पांच सौ से अधिक लोगों पर मुकदमा
सख्ती
सेलाकुई , संवाददाता। डिक्सन टेक्नोलॉजी लिमिटेड समेत औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में चल रहे श्रमिक आंदोलन के बीच पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने, हंगामा करने और श्रमिकों को भड़काने के आरोप में 500 से 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे में श्रमिकों के अलावा ठेकेदार, स्थानीय नेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी शामिल बताए गए हैं।
कुछ लोगों पर श्रमिकों को भड़काने का भी आरोप
सेलाकुई थानाध्यक्ष ने दर्ज मुकदमा
थानाध्यक्ष सेलाकुई लोकपाल परमार की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। दर्ज रिपोर्ट में बताया गया है कि 15 मई की सुबह सूचना मिली थी कि डिक्सन कंपनी की चकराता रोड, जमनपुर और नदी किनारे स्थित तीनों शाखाओं में श्रमिक कार्य बहिष्कार कर नारेबाजी कर रहे हैं। इसके बाद विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर सभी शाखाओं में तैनात किया गया।
बताया कि नदी किनारे स्थित शाखा पर करीब 1500 से 1600 महिला और पुरुष श्रमिक एकत्र थे। पुलिस और कंपनी प्रबंधन ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे और मुख्य गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए गेट तोड़ने की कोशिश करने लगे।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी विकासनगर, तहसीलदार, लेबर कमिश्नर और लेबर इंस्पेक्टर ने भी श्रमिकों से वार्ता की।
पुलिस के अनुसार श्रमिकों से उनकी मांगों के संबंध में जानकारी मांगी गई। लेकिन किसी ने स्पष्ट रूप से अपनी मांग नहीं बताई और न ही कोई लिखित ज्ञापन दिया गया। आरोप लगाया गया है कि कुछ बाहरी लोग, ठेकेदार, स्थानीय नेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रमिकों को भड़का रहे थे। इन्हीं लोगों के कहने पर प्रदर्शनकारी मुख्य सड़क स्थित डिक्सन कंपनी की ओर बढ़े और राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचकर सड़क जाम कर दी। जिससे एंबुलेंस, गैस वाहनों, स्कूल बसों और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।


