- DIT विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज: राजकीय शोक में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर पड़ी भार
देहरादून: राजकीय शोक की अवधि के दौरान सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित करने के मामले में DIT University प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दून पुलिस ने सरकारी आदेशों की अवहेलना का आरोप लगाते हुए थाना राजपुर में प्रबंधन के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया था। इस दौरान माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी शिक्षण संस्थानों को सख्त निर्देश जारी किए थे कि शोक अवधि में किसी भी प्रकार का सांस्कृतिक, मनोरंजन या उत्सवी कार्यक्रम नहीं आयोजित किया जाएगा।
इन निर्देशों के बावजूद 19 मई 2026 की शाम राजपुर स्थित DIT University परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और इसे सरकारी आदेशों की जानबूझकर अवहेलना मानते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ धारा 223 BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
दून पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच चल रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि शोक संदेश के दौरान सरकारी निर्देशों की अनदेखी को गंभीर माना जा रहा है। DIT University प्रबंधन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


