- विश्व पर्यावरण दिवस: तिमली रेंज, कालसी वन प्रभाग ने विकासनगर न्यायालय परिसर में किया वृहद पौधारोपण, 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य
विकासनगर, 5 जून:
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी द्वारा उप जिला न्यायालय विकासनगर में एक विशाल पर्यावरण जागरूकता रैली और वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य में विकासनगर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक भव्य पर्यावरण जागरूकता रैली निकालकर की गई। रैली के माध्यम से लोगों को घटते वन क्षेत्र के प्रति सचेत करते हुए पर्यावरण बचाने का कड़ा संदेश दिया गया। इसके उपरांत माननीय न्यायालय परिसर विकासनगर में पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें उपस्थित सभी न्यायधीशों, अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक पौधे रोपे।
“Inspired By Nature” रही 2026 की थीम
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस “Inspired By Nature. For Climate. For Our Future.” थीम पर मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा “साँसे हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगायें हम” का नारा देकर आम जनमानस को अधिकाधिक पौधारोपण करने और प्रकृति को बचाने के प्रति जागरूक किया गया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की गूंज
इस अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपनी माता के सम्मान और कृतज्ञता स्वरूप कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। जिस प्रकार एक माँ अपने बच्चों का निस्वार्थ भाव से पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार हमें भी प्रकृति रूपी माँ का संरक्षण करना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट श्री जतिन मित्तल द्वारा ‘पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986’ पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण की रक्षा के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों और प्रत्येक नागरिक के मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वहीं, वन विभाग की ओर से नेतृत्व कर रहे वन क्षेत्राधिकारी श्री पंकज ध्यानी ने बताया कि पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए वन प्रभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी द्वारा माननीय न्यायालय परिसर विकासनगर में कुल 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे विभाग द्वारा प्रमुखता से पूरा किया जाएगा।
इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से अपर जिला जज श्री नंदन सिंह, अपर मुख्य न्यायाधीश श्री अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट श्री जतिन मित्तल, वन क्षेत्राधिकारी श्री पंकज ध्यानी, विकासनगर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य, न्यायालय के अनेक गणमान्य अधिवक्ता सहित वन विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


