विकासनगर: लापता 14 वर्षीय बालिका अनीता सकुशल बरामद
विकासनगर (देहरादून): जनपद देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में मंडी चौक निवासी 14 वर्षीय बालिका अनीता (घरेलू नाम गोरी) आज सुबह घर से जॉगिंग के लिए निकली थी, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण लापता हो गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
परिवार के अनुसार, घर के अन्य बच्चे नियमित रूप से सुबह जॉगिंग करते हैं। अनीता भी उनकी तरह जॉगिंग पर जाना चाहती थी, इसलिए वह सबसे पहले चुपचाप उठकर घर से निकल गई। जब वह समय पर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने तुरंत 112 पर सूचना दी।
बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गोसाईं के नेतृत्व में विकासनगर कोतवाली पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे सुरक्षित ढूंढ निकाला।
विधिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद बालिका को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों ने पुलिस की संवेदनशील और तेज कार्रवाई के लिए बाजार चौकी प्रभारी अर्जुन गोसाईं तथा पूरी टीम का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
नोट: बालिका अब पूरी तरह सुरक्षित अपने घर पहुंच चुकी है। इसलिए पूर्व में जारी गुमशुदगी संबंधी कोई भी संदेश या तस्वीर अब साझा न करें।


