उत्तरकाशी : नैनीताल जिले के रामनगर की रहने वाली 24 वर्षीय युवती उत्तरकाशी में दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर लापता हो गई है। युवती का तीन दिन से कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है। जिला प्रशासन, वन विभाग, पुलिस लगातार एजेसियों के साथ मिलकर सर्च अभियान चला रहा है।
Uttarkashi
24 वर्षीय युवती बबीता पांडे उत्तरकाशी में दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर तीन दिन से लापता है
प्राप्त जानकारी के अनुसार एमबीए की छात्रा बबीता पांडे एक निजी कंपनी के लिए रिमोटली (घर से) काम करती थीं, शुक्रवार 29 मई को एक ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से पांच अन्य लोगों के साथ रैथल गांव से ट्रेक के लिए निकली थीं। रात में वह अपने टैंट से बाहर निकली थीं, उसके बाद से युवती का कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है।
सर्च और पूछताछ जारी
वन विभाग, पुलिस प्रशासन को शनिवार को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद वन विभाग के अधिकारी SDRF और स्थानीय पुलिस की टीमों के साथ मिलकर दयारा बुग्याल और आसपास के जंगलों में उनकी तलाश कर रहे हैं। इस बीच पुलिस ने युवती के साथ आए लोगों से भी पूछताछ की है।
एसपी का क्या है कहना
एसपी कमलेश उपाध्याय के अनुसार 30 मई को पुलिस को युवती के लापता होने की सूचना मिली। जिसके बाद से पुलिस प्रशासन, वन विभागा और अन्य एजेसियां काम कर रही हैं। बबीता पांडे के परिजनों के आने के बाद इस मामले में मुकदमा लिखा गया है। एसपी ने बताया कि युवती को लेकर पड़ताल की जा रही है। पुलिस इस मामले में गाइड समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही हैं। सीओ उत्तरकाशी के नेतृत्व में इस मामले की पूरी कार्रवाई की जा रही है।


